Modi Sarkar 11Saal: मोदी सरकार के 11 साल: उत्तर प्रदेश में 10 दिवसीय ‘विकसित भारत महाअभियान’ आज से शुरू, जानिए क्या होगा खास
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में आज से विशेष महाअभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 10 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा और इसका उद्देश्य है—पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को जनता के सामने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना।
इस दस दिवसीय अभियान को ‘विकसित भारत महाअभियान’ नाम दिया गया है। पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों को संबोधित करेंगे और एक भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को चित्रों, वीडियो और इन्फोग्राफिक्स के माध्यम से दिखाया जाएगा।
प्रदेश के सभी जिलों में इस दौरान केंद्र सरकार की 11 वर्षों की यात्रा को रेखांकित करने वाली प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। जिलों में ‘प्रबुद्ध समागम’ नामक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें तीन प्रमुख वक्ता ‘विकसित भारत की संकल्पना एवं हमारी भूमिका’, ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ और ‘सशक्त भारत-सुरक्षित भारत’ जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे। यह समागम 10 और 11 जून को आयोजित होंगे।
डिजिटल माध्यम को भी इस अभियान का एक प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं और नागरिकों के लिए ‘बदलता भारत—मेरा अनुभव’ विषय पर डिजिटल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। चुने गए सर्वश्रेष्ठ अनुभवों को पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा।
मंडल स्तर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा जिसमें जनता को संकल्प दिलाया जाएगा कि वे एक विकसित, समावेशी और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे। साथ ही, शक्ति केंद्रों पर चौपालों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना के तहत विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को गोल्डन कार्ड वितरित किए जाएंगे और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी की पत्रकार वार्ता के बाद 11 और 12 जून को सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस होंगी, जिन्हें भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री या सांसद संबोधित करेंगे। इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से जनता तक सरकार की नीतियों और योजनाओं की व्यापक जानकारी पहुंचाई जाएगी।
इस महाअभियान के जरिए भाजपा उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से जनता के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की विकास गाथा को गांव-गांव, गली-गली तक ले जाने की तैयारी में है।