Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Police: पूर्वी जिला पुलिस ने स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्राओं...

Delhi Police: पूर्वी जिला पुलिस ने स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

Delhi Police: पूर्वी जिला पुलिस ने स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान, छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस ने बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता तथा महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। सामुदायिक पुलिसिंग सेल, पूर्वी जिला की ओर से थाना कल्याणपुरी और थाना न्यू अशोक नगर के सहयोग से दो शैक्षणिक संस्थानों में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय (RSKV), कल्याणपुरी और भारती पब्लिक स्कूल, न्यू कोंडली शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, बच्चों के अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, अनुचित व्यवहार, छेड़छाड़, उत्पीड़न, पीछा करने, बुलिंग, मानव तस्करी और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही पॉक्सो (POCSO) एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी तरह के दुर्व्यवहार या उत्पीड़न को चुपचाप सहन करने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। उन्हें सलाह दी गई कि यदि किसी परिस्थिति में असहज महसूस हो या उनके साथ कोई गलत व्यवहार करे तो बिना डर और झिझक के अपने माता-पिता, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद वयस्क को इसकी जानकारी दें।

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। छात्राओं को फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग और निजी तस्वीरों के दुरुपयोग जैसे खतरों के बारे में बताया गया। पुलिस ने उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने और सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही कहा गया कि किसी के साथ भी अपने पासवर्ड, ओटीपी और निजी तस्वीरें साझा न करें। इंटरनेट पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन धमकी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। इस दौरान नए आपराधिक कानूनों के प्रासंगिक प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

इसी अभियान के तहत सशक्ति पहल के अंतर्गत राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय, कल्याणपुरी में छात्राओं के लिए विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों, व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों और आसपास की परिस्थितियों के प्रति सतर्क रहने के तरीके बताए गए। उन्हें समझाया गया कि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते पहचानना और विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ प्रतिक्रिया देना बेहद जरूरी है। पुलिस टीम ने छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में मदद मांगने के तरीकों और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी।

इसके अलावा छात्राओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा के लिए बसों में उपलब्ध एसओएस बटन के इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि किसी आपात स्थिति में समय रहते सहायता प्राप्त की जा सके। पुलिस ने बताया कि आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098, महिला हेल्पलाइन के लिए 1091 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। साइबर अपराध से संबंधित शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी दर्ज कराई जा सकती है।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार (आईपीएस) ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य बालिकाओं और बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को न केवल अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी मिलती है, बल्कि वे किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सही कदम उठाने के लिए भी तैयार होती हैं। पूर्वी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि बालिकाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments