Delhi: मंत्री प्रवेश वर्मा और सांसद मनोज तिवारी ने किया नंद नगरी फ्लाईओवर का निरीक्षण, कार्य की रफ्तार को बताया ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ जैसी
दिल्ली के नंद नगरी इलाके में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के निरीक्षण के लिए आज दिल्ली सरकार के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान नेताओं ने फ्लाईओवर की प्रगति का जायज़ा लिया और परियोजना को लेकर संतोष जताया। सांसद मनोज तिवारी ने निरीक्षण के बाद कहा, “हमने सोचा था कार्य तेज़ी से होगा, लेकिन यह वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार से होगा, यह कल्पना नहीं की थी। मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ हम एक और ऐसी जगह भी गए हैं जहां वर्षों से रुके हुए विकास कार्यों को फिर से गति मिली है। दिल्ली में अब विकास की रफ्तार वाकई तेज हो रही है।”
मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि फ्लाईओवर का कार्य लगभग 70% पूरा हो चुका है और आगामी कुछ ही महीनों में इसे आम जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा। फ्लाईओवर 1.5 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला होगा, जिसके नीचे छह यू-टर्न भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण में बाधा बन रहे 27 पेड़ों को नियमानुसार हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है और परियोजना के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी निरीक्षण स्थल पर नेताओं का स्वागत किया और क्षेत्र की अन्य समस्याओं से अवगत कराया, जिनमें जेल रोड के चौड़ीकरण और जलभराव जैसी प्रमुख समस्याएं शामिल हैं। मंत्री वर्मा ने भरोसा दिलाया कि सभी मुद्दों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।