Sawai Madhopur Accident: सवाई माधोपुर में सूरवाल बांध में नाव पलटी, बड़ा हादसा टला, एक लापता
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार को सूरवाल बांध में एक नाव तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गई। इस नाव में लगभग 8 से 10 लोग सवार थे, जिनमें से ज्यादातर को बचा लिया गया है, लेकिन अब भी एक व्यक्ति लापता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव बांध की चादर से बहते तेज पानी में फंस गई और अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गई। कुछ ही सेकंडों में नाव में सवार लोग पानी में गिर गए और अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे आए और तीन से चार लोगों को शुरुआती प्रयास में सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर बुलाई गईं। संयुक्त बचाव दल ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया और अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। राहत कार्य में जुटे अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति पानी में डूबने से पहले नज़दीकी पेड़ पकड़कर खड़ा हो गया है। उसे निकालने का प्रयास जारी है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति अब तक लापता है, जिसकी तलाश तेज़ी से जारी है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं और प्रशासन ने आसपास की जनता से बांध क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि हादसे की वजह नाव का अचानक तेज बहाव में आ जाना था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया।
सवाई माधोपुर हाल ही में कई घटनाओं के कारण सुर्खियों में रहा है। कुछ दिन पहले ही रणथंभौर टाइगर रिजर्व में एक बाघ ने मंदिर से लौट रहे 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे मार डाला था, जिसके बाद से इलाके में दहशत फैली हुई है। इसके अलावा, टाइगर रिजर्व में बाघिन RBT-2302 ने तीन शावकों को जन्म दिया है, जिससे बाघों का कुनबा और बढ़ गया है।
फिलहाल सूरवाल बांध हादसे में राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन ने कहा है कि लापता व्यक्ति को जल्द से जल्द ढूंढकर सुरक्षित बाहर निकालने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।



