Delhi Crime: वेलकम झील पार्क के पास कुख्यात बदमाश अमन गिरफ्तार, पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के स्पेशल स्टाफ ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वेलकम झील पार्क के पास से एक कुख्यात बदमाश को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कबीर नगर निवासी अमन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीसीपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली आशीष मिश्रा ने जानकारी दी कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे यह कार्रवाई की गई। स्पेशल स्टाफ की टीम नियमित पेट्रोलिंग के दौरान इलाके में मौजूद थी, तभी उन्हें वेलकम झील पार्क के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एक युवक दिखाई दिया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अमन इलाके में लूटपाट की योजना बना रहा था। उसके इरादे बेहद खतरनाक थे और वह मौका पाकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी हो सकता है और पुलिस उसकी पृष्ठभूमि खंगाल रही है।
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने यह भी कहा कि राजधानी में अपराध और असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम जनता सुरक्षित माहौल में जीवन व्यतीत कर सके।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अमन हथियार कहां से लाया और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की जांच जारी है।



