Delhi Crime: दिल्ली में रिक्शा चालक से बना गांजा सप्लायर, पुलिस ने दबोचा
पूर्वी दिल्ली पुलिस को नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक और कामयाबी मिली है। थाना पांडव नगर की टीम ने शशि गार्डन झुग्गियों में दबिश देकर एक व्यक्ति को गांजे की पुड़ियों के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी के पास से गांजे से भरा एक बैग बरामद हुआ है, जिसमें कई पुड़िया पैक की गई थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले रिक्शा चलाकर अपनी आजीविका चलाता था, लेकिन जल्दी और आसानी से पैसा कमाने के लालच में वह नशे के कारोबार में शामिल हो गया। उसने गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर इलाके में सप्लाई करना शुरू किया, जिससे वह रिक्शा चलाने से कहीं ज्यादा पैसे कमाने लगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से बरामद बैग में गांजे की पुड़ियां स्थानीय स्तर पर वितरण के लिए तैयार की गई थीं। यह खेप आसपास की झुग्गियों और कॉलोनियों में सप्लाई की जानी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूर्वी जिले की पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पांडव नगर थाना क्षेत्र समेत पूरे जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़ी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का फोकस उन छोटे स्तर के सप्लायरों और डीलरों पर है, जो गरीब और युवाओं को नशे की जद में लाने का काम करते हैं।



