Delhi Crime: प्रीत विहार पुलिस ने अवैध हथियार के साथ आरोपी को दबोचा
ईस्ट दिल्ली के प्रीत विहार थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 11 सितंबर की रात पीएसके रोड स्थित काला पार्क इलाके में की गई, जब पुलिस नियमित गश्त पर थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस कर्मियों ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को देखा, जो पुलिस को देखते ही घबराकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस मिले।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललित कुमार (32 वर्ष), निवासी न्यू सीलमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी 10वीं तक पढ़ा है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। पुलिस रिकॉर्ड से यह भी स्पष्ट हुआ कि ललित पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी बुरी आदतों व आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध की राह पर चला गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार आरोपी को कहां से और किस मकसद से मिला।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि दिल्ली पुलिस की गश्त और सतर्कता से कई संभावित वारदातों को समय रहते रोका जा सकता है।



