Dehradun Cloudburst: देहरादून में बादल फटने से सहारनपुर के 6 मजदूर लापता, गांव में मातम
देहरादून में हुए बादल फटने की भयावह घटना ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी है। इस हादसे में जिले के छह मजदूर अब तक लापता हैं, जिनमें से मीरपुर गांव के मिथुन (32), उनके पिता श्यामलाल (65), धर्मेंद्र (42) और विकास (26) शामिल हैं। यह सभी मजदूरी के लिए देहरादून गए थे और हादसे की रात से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
मिथुन और श्यामलाल के लापता होने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मिथुन की पत्नी कविता अब अपनी पांच बेटियों के साथ बेसहारा हो गई हैं। सबसे बड़ी बेटी 15 साल की है, जबकि सबसे छोटी सिर्फ डेढ़ साल की। बच्चियां लगातार अपने पिता और दादा के लौटने के बारे में पूछ रही हैं, लेकिन किसी के पास उनके सवालों का जवाब नहीं है।
विकास पहली बार मजदूरी के लिए घर से बाहर गया था। उसकी बहन आरती ने रोते हुए बताया कि विकास ने भरोसा दिलाया था कि वह जल्द लौट आएगा, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। धर्मेंद्र ने हादसे वाली रात अपनी पत्नी बबिता को फोन कर बताया था कि बाहर पानी बहुत ज्यादा है और खतरा बढ़ गया है। उसी रात बादल फटने से उसकी भी जानकारी नहीं मिल सकी।
गांव में चारों ओर मातम पसरा है। लापता मजदूरों के परिजन और ग्रामीण पिछले 60 घंटे से देहरादून में तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। प्रशासन की टीमें मौके पर जुटी हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
गांव के लोग मंदिरों में दुआ कर रहे हैं और भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि उनके प्रियजन सुरक्षित लौट आएं। लेकिन हर गुजरते पल के साथ परिवारों की चिंता और दुख और गहराता जा रहा है।



