Udhampur Encounter: उधमपुर में आतंकियों के साथ मुठभेड़, एक जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया। सर्च ऑपरेशन उधमपुर के ऊंचाई वाले क्षेत्र में चलाया जा रहा था। इसी दौरान आतंकियों ने सेना पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक जवान घायल हुआ। घायल जवान को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, कल देर शाम उधमपुर के डूडू-बसंतगढ़ क्षेत्र और डोडा के भद्रवाह में सेओज धार वन सीमा पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। यह अभियान सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने मिलकर चलाया। मुठभेड़ स्थल के आसपास के इलाके में रात में कड़ी घेराबंदी की गई। शनिवार सुबह संयुक्त तलाश अभियान फिर से शुरू किया गया। वन क्षेत्र में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका जताई गई है।
सर्च ऑपरेशन में ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। उधमपुर के अलावा किश्तवाड़ में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सेना के पास इनपुट के अनुसार उधमपुर इलाके में जैश के 2-3 आतंकी छिपे हुए हैं। ये आतंकी लंबे समय से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सुरक्षाबलों ने उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया। इस दौरान पुलिस ने श्रीनगर समेत घाटी के आठ ठिकानों पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया।



