Delhi Crime: शाहदरा AATS ने अंतर्राज्यीय ऑटो-लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
शाहदरा जिले की AATS टीम ने एक बड़े ऑटो-लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश करते हुए इस रैकेट के मास्टरमाइंड मोहम्मद यामीन को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में चार लग्जरी गाड़ियाँ बरामद की गई हैं। यह गिरोह दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सक्रिय था और पुरानी ‘टोटल लॉस’ गाड़ियों के इंजन और चेचिस नंबर चुराई गई गाड़ियों पर लगाकर उन्हें ऊँचे दामों पर बेचता था। 07/08-09-2025 की रात को PS योजना विहार क्षेत्र से एक मारुति सुज़ुकी विटारा ब्रेज़ा कार चोरी होने पर PS विवेक विहार में BNS की धारा 305(b) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इस गंभीर मामले की जांच AATS/शाहदरा को सौंपी गई।
गठित टीम ने दिल्ली, एनसीआर और यूपी के कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले और गुप्त सूचनाएं जुटाईं। करीब 10 दिनों की मेहनत के बाद आरोपी की पहचान हुई। 19/09/25 को विवेक विहार क्षेत्र में छापा मारा गया और पिलर नंबर P-22 के पास मोहम्मद यामीन (33 वर्ष, मुरादाबाद, यूपी) को गिरफ्तार कर एक चोरी की मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई। पूछताछ में यामीन ने बताया कि वह सऊदी अरब में राजमिस्त्री का काम कर चुका है और 2022 में भारत लौटने के बाद पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री शुरू की। घाटा होने पर उसने चोरी की गाड़ियों का धंधा शुरू किया। उसकी मुलाकात अकील (जिला रामपुर, यूपी) से हुई, जो चोरी की गाड़ियों को ‘कंडेम’ की पहचान देकर बेचता था।
मोडस ऑपेरेंडी में अकील चोरी की गाड़ियाँ लाता, यामीन नकली नंबर प्लेट बनवाकर बेचता और मेरठ निवासी राहिल ‘टोटल लॉस’ गाड़ियों की जानकारी देता था। आरोपी पिछले 3-4 सालों से यह धंधा चला रहा था। फिलहाल अकील और राहिल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जांच जारी है।



