Delhi Police Special Cell: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में सक्रिय एक अवैध हथियार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मुरादाबाद और रामपुर के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से लगभग दो दर्जन अवैध असलहे, सैकड़ों की तादाद में हथियार बनाने का सामान और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने कबूल किया है कि वे मुरादाबाद में अपनी फैक्ट्री में अवैध हथियार बनाते थे और दिल्ली में इसकी सप्लाई किया करते थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने गाजीपुर इलाके में छापेमारी की, जहां एक आरोपी को तलाशी के दौरान चार रिवाल्वर के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के बाद बाकी दो आरोपी भी गिरफ्त में आ गए और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो गया।
स्पेशल सेल का कहना है कि अब तक ये आरोपी हजारों हथियार बनाकर दिल्ली और आसपास के इलाकों में सप्लाई कर चुके हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने को पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है, क्योंकि इससे अवैध हथियारों की एक बड़ी सप्लाई चेन का खात्मा हो गया है।



