Delhi Crime: दिल्ली में विदेशी साइबर ठग गिरफ्तार — 100 से अधिक महिलाओं को कोरियाई बिजनेसमैन बनकर लगाया था चूना
नई दिल्ली (शाहदरा) में साइबर थाना शाहदरा की टीम ने एक बड़े साइबर ठग को गिरफ्तार कर एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो महिलाओं को प्यार और व्यापार के झांसे में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी एक अफ्रीकी नागरिक है, जो भारत में अवैध रूप से रह रहा था और खुद को यूके में बसे कोरियन ज्वेलरी बिजनेसमैन के रूप में पेश करता था।
घटना का विवरण यह है कि शाहदरा निवासी एक महिला अंजलि ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मुलाकात “Hello Talk” ऐप पर एक व्यक्ति से हुई, जो खुद को “डक यंग” नामक यूके निवासी कोरियन बिजनेसमैन बता रहा था। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया और कहा कि वह भारत आ गया है, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर मेडिकल फैसिलिटी कार्ड न होने के कारण इमिग्रेशन द्वारा रोका गया है।
इसके बाद महिला को दो भारतीय मोबाइल नंबरों से कॉल आए, जिसमें कॉल करने वाले खुद को इमिग्रेशन अधिकारी बताते हुए 48,500 रुपये की मांग करने लगे। महिला ने यह रकम UPI के माध्यम से ट्रांसफर कर दी। बाद में आरोपी ने 2 लाख रुपये और मांग किए, लेकिन महिला ने देने से इनकार किया, जिसके बाद सभी नंबर बंद कर दिए गए और संपर्क समाप्त हो गया।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना शाहदरा में FIR दर्ज की गई। इंस्पेक्टर अमित धानी की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई अनिरुद्ध, हेड कांस्टेबल संदीप, विकास, धर्मेंद्र और महिला हेड कांस्टेबल मनीषा शामिल थे। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और CDR/IPDR जांच की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच में पता चला कि आरोपी स्टीफन उर्फ के.सी. डोमिनिक, उम्र 29 वर्ष, मूल रूप से नाइजीरियन नागरिक है, और तिलक नगर, दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें “Hello Talk” ऐप इंस्टॉल था और वही फर्जी प्रोफाइल मौजूद थी, जिससे उसने शिकायतकर्ता को ठगा।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि स्टीफन भारत भर में 100 से अधिक महिलाओं से संपर्क में था और सभी को इसी तरह के झांसे देकर ठगी करता था। उसने 2019 में कोट डी’वॉर (Ivory Coast) से पासपोर्ट बनवाया ताकि भारतीय वीजा आसानी से मिल सके। वह छह महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहा था। आर्थिक तंगी और गलत गतिविधियों के चलते उसने ऑनलाइन फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को ठगने की योजना बनाई।



