Delhi Crime: वकील पर चली गोलियां, बाइक सवार बदमाशों ने 10-12 राउंड फायरिंग की
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना ने इलाके को दहला दिया। करावल नगर थाना क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी स्थित नाला रोड पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घायल वकील श्रीकांत को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया। घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब जौहरपुर के निवासी श्रीकांत अपनी कार में सवार थे। उसी समय बाइक पर सवार बदमाशों ने उन पर 10 से 12 राउंड फायरिंग की, जिसमें श्रीकांत के हाथ और कंधे में गोलियां लगीं। स्थानीय लोगों की चीख-पुकार सुनकर पुलिस को तुरंत सूचना मिली और घायल वकील को अस्पताल पहुंचाया गया। दिल्ली पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
करावल नगर थाना और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उत्तर-पूर्व जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीमें आरोपी बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई हैं।
पुलिस के आधिकारिक बयान में कहा गया कि 16 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 8:30 बजे करावल नगर थाना क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। जगदंबा कॉलोनी, नाला रोड पर पहुंचने पर श्रीकांत (30 वर्ष) को घायल अवस्था में पाया गया और उन्हें तुरंत जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।



