Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Silver Theft: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 11 किलो चांदी चोरी का खुलासा,...

Delhi Silver Theft: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 11 किलो चांदी चोरी का खुलासा, एएटीएस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार

Delhi Silver Theft: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 11 किलो चांदी चोरी का खुलासा, एएटीएस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 11 किलो चांदी की चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। इस कार्रवाई में एएटीएस/नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तीन गुजरात के और एक दिल्ली का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 10 किलो चोरी की गई चांदी और दो स्कूटी बरामद की, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।

जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को मोहन पार्क निवासी चांदी कारोबारी पवन कुमार अग्रवाल के बेटे रामरतन अग्रवाल चांदनी चौक से 11 किलो चांदी खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान जगप्रवेश चंद्र अस्पताल के पीछे की सड़क पर स्कूटी सवार बदमाशों ने रामरतन की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपियों ने झगड़ा शुरू किया और स्कूटी की चाबी छीन ली। भीड़ जुटने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में जब रामरतन अपनी दुकान पहुंचे, तो स्कूटी की डिग्गी में रखी चांदी गायब थी।

इस मामले की जांच इंस्पेक्टर योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व में एएटीएस टीम ने तकनीकी और मैनुअल निगरानी के जरिए की। टीम ने चार आरोपियों निलेश (55), पंकज मिश्रा उर्फ छोटू (40), पंकज कुमार चारा (44) और विशाल गरांगे उर्फ अजय (43) को गिरफ्तार किया। इनमें से तीन आरोपी गुजरात के अहमदाबाद के क्यूबर नगर इलाके के रहने वाले हैं, जबकि एक दिल्ली का निवासी है। सभी के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेहद शातिर था। यह कारोबारी वर्ग का पीछा कर उन्हें झगड़े या सड़क दुर्घटना में उलझाता और मौका पाते ही चोरी का माल लेकर फरार हो जाता था। यह गिरोह त्योहारों के सीजन में दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में सक्रिय रहता था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की गई चांदी के खरीदने वाले चैनल का पता लगाने में जुटी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments