DMRC Project: भीड़ से राहत के लिए DMRC की नई पहल, 32 मेट्रो स्टेशनों के प्लेटफॉर्म होंगे बड़े
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के 32 मेट्रो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म को बड़ा करने की योजना शुरू की है। इस कदम का उद्देश्य भीड़भाड़ को कम करना, विशेषकर पीक ऑवर के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है।
DMRC की इस परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-18, गोल्फ कोर्स और नोएडा सिटी सेंटर जैसे प्रमुख स्टेशनों के प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा ब्लू लाइन एक्सटेंशन (लाइन-4) के तहत लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार और प्रीत विहार स्टेशनों सहित कुल 32 मेट्रो स्टेशनों पर यह काम किया जाएगा। प्लेटफॉर्म बढ़ने से मेट्रो में चढ़ने और उतरने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो जाएगी।
डीएमआरसी का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्लेटफॉर्म विस्तार के साथ-साथ ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ाई जाएगी। योजना के अनुसार, पीक समय में 40 अतिरिक्त फेरों का संचालन किया जाएगा ताकि यात्रियों को भीड़ से राहत मिल सके और यात्रा में समय की बचत हो।
इस परियोजना के लिए DMRC ने 5.71 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत तय की है और इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के एक वर्ष के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डीएमआरसी का मानना है कि इस पहल से न केवल भीड़भाड़ में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों के लिए एक अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित होगा।



