Delhi Crime: दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, बदरपुर का सक्रिय बदमाश गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और 21 मोबाइल बरामद
दिल्ली की अपराध शाखा ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए बदरपुर थाना क्षेत्र के सक्रिय बैड कैरेक्टर (BC) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें जानलेवा हमला, झपटमारी और लूट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
गिरफ्तारी के दौरान टीम को आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी बरामद हुई। इसके अलावा 21 चोरी के मोबाइल फोन भी ज़ब्त किए गए, जिन्हें आरोपी ने अलग-अलग वारदातों के दौरान चुराया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से बदरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था और लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
क्राइम ब्रांच की टीम लंबे समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर उसे धर दबोचा गया। उसकी गिरफ्तारी से कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना है, क्योंकि कई मामलों में आरोपी की संलिप्तता पहले से जांच में सामने आ चुकी है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने किया, जबकि एसीपी वी.के.पी.एस. यादव और डीसीपी आदित्य गौतम की निगरानी में टीम ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी और भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।



