Delhi Crime: दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता, 6 साल से फरार दोषी डकैत गिरफ्तार, बिहार–कोलकाता होते हुए दिल्ली में दबोचा गया
दिल्ली की अपराध शाखा की ISC टीम ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक दोषी डकैत को गिरफ्तार कर लिया, जो पिछले छह वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। 2019 में फरलो पर बाहर आने के बाद आरोपी वापस मांडोली जेल नहीं लौटा था और तभी से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को दिल्ली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ घर चोरी, सेंधमारी, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के कुल सात मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदलता रहा और फरारी के दौरान बिहार, फिर कोलकाता और अंत में दिल्ली में शरण लेकर छिपता रहा।
अपराध शाखा की ISC टीम काफी समय से आरोपी की गतिविधियों पर गुप्त निगरानी कर रही थी। टेक्निकल सर्विलांस और लगातार ट्रैकिंग के बाद आखिरकार उसे शकूर बस्ती, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को उसकी लोकेशन एक इनपुट के जरिए मिली, जिसके बाद टीम ने सटीक प्लानिंग कर ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तारी में इंस्पेक्टर पंकज मलिक और इंस्पेक्टर रोहित कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पूरी कार्रवाई एसीपी रमेश चंदर लांबा के नेतृत्व में और डीसीपी आदित्य गौतम की निगरानी में की गई। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे उसके पुराने नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस का मानना है कि आरोपी इतने लंबे समय तक पहचान छुपाकर अलग-अलग राज्यों में घूमता रहा और दिल्ली लौटकर फिर से आपराधिक गतिविधियों की योजना बना रहा था। उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों के खुलासे की संभावना भी बढ़ गई है।



