Delhi Police Special Cell: कबड्डी खिलाड़ी की हत्या केस में बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस विश्नोई गैंग के 5 शूटर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के हत्थे चढ़े
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हुए हाई-प्रोफाइल हत्याकांडों से जुड़े लॉरेंस विश्नोई गैंग के पांच कुख्यात शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी आरोपी लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई और आरजू विश्नोई गैंग के इशारे पर काम कर रहे थे और पिछले कई महीनों से अलग-अलग राज्यों में फरार चल रहे थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए शूटर सीधे तौर पर तीन बड़ी हत्याओं में शामिल रहे हैं। जून महीने में पंचकूला में राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी सोनू नालटा की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद सितंबर में अमृतसर के लायन बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक आशु महाजन की हत्या को अंजाम दिया गया। वहीं 1 दिसंबर को चंडीगढ़ में गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी की भी दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन तीनों हत्याओं से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दहशत का माहौल बन गया था।
स्पेशल सेल की जांच में सामने आया कि ये सभी शूटर लॉरेंस विश्नोई गैंग के लिए सुपारी लेकर वारदातों को अंजाम देते थे। पहचान छिपाने के लिए ये लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और मोबाइल फोन व सिम कार्ड का भी बार-बार इस्तेमाल बदलते थे। तकनीकी सर्विलांस, इनपुट और लगातार की गई छानबीन के बाद स्पेशल सेल ने इन आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत पांचों को दबोच लिया।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। पूछताछ में उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी सोनू नालटा, रेस्टोरेंट मालिक आशु महाजन और इंद्रप्रीत पैरी की हत्या में अपनी भूमिका कबूल की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन शूटरों को हथियार, फंडिंग और शरण किस नेटवर्क के जरिए मिल रही थी और क्या इनका संबंध किसी अन्य बड़े गैंग या अंतरराज्यीय अपराध से भी है।
पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस के लिए भी वांछित थे और इन पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्पेशल सेल अब इनकी गिरफ्तारी के बाद गैंग के अन्य सदस्यों, हैंडलर्स और विदेश में बैठे आकाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



