Sunday, January 25, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरNehru Vihar Fire: नेहरू विहार में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, एक...

Nehru Vihar Fire: नेहरू विहार में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, एक युवक की मौत, एक गंभीर घायल

Nehru Vihar Fire: नेहरू विहार में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, एक युवक की मौत, एक गंभीर घायल

उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना दयालपुर क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफाबाद के नेहरू विहार इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चार मंजिला इमारत में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

घटना मुस्तफाबाद के नेहरू विहार की गली नंबर 18/8 में स्थित एक चार मंजिला मकान में सुबह करीब छह बजे हुई। जानकारी के अनुसार इस मकान में साबिर अपने परिवार के साथ रहते थे। इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोबाइल बैटरी के कबाड़ का गोदाम था, जहां बैटरियों को चार्ज करने और उनकी छंटाई का काम किया जाता था। वहीं, ऊपर के तीन फ्लोर पर साबिर का परिवार रह रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत के सामने रहने वाली एक महिला जब सुबह फजर की नमाज अदा करने के लिए उठी तो उसने देखा कि ग्राउंड फ्लोर स्थित गोदाम से आग की लपटें उठ रही हैं। महिला ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया। देखते ही देखते स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और समरसेबल के पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लोगों ने इमारत के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। इस दौरान साबिर, उसकी पत्नी और उनके दो बेटे जुनैद और समीर को बाहर निकाला गया। हालांकि, अफसोस की बात यह रही कि गंभीर रूप से झुलसे जुनैद को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा बेटा समीर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा इमारत में मौजूद दो अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस हादसे के बाद पूरे नेहरू विहार इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और आसपास के लोग भी गमगीन नजर आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments