East Delhi Police: पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार यह घटना 21 जनवरी 2026 की है, जब संगम विहार निवासी विजय गुप्ता आनंद विहार की ओर ई-रिक्शा पकड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान वह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और टेल्को टी-प्वाइंट की ओर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर संख्या 38/26 दर्ज की गई और मामले की तत्काल जांच शुरू की गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मधु विहार की निगरानी में तथा थानाध्यक्ष पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल राहुल पंवार और कांस्टेबल चंदरभान शामिल थे।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, साथ ही तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के दौरान एक गुप्त सूचना देने वाले ने आरोपी की पहचान की, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज़ैद के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 23 वर्ष बताई गई है। वह त्रिलोकपुरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और संजय कैंप क्षेत्र में रह चुका है और उसका कोई स्थायी पता नहीं है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अक्सर ब्लॉक-21 त्रिलोकपुरी के एक मंदिर में सोता था। आरोपी नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले बैटरी रिक्शा चालक के रूप में काम कर चुका है। पुलिस के अनुसार वह नशे का आदी है और पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह पूर्वी दिल्ली समेत अन्य इलाकों में हुई मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं। पूर्वी जिला पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क अपराधों पर सख्ती से लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



