Delhi Rohini Tragedy: रोहिणी में खुले नाले में गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत
नई दिल्ली। दिल्ली में खुले सीवर और गड्ढों का खतरा फिर जानलेवा साबित हुआ है। रोहिणी के सेक्टर-32 स्थित बेगमपुर इलाके में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक खुले नाले में गिरने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी बिरजू कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली में मजदूरी का काम करता था।
सूचना के मुताबिक घटना मंगलवार शाम की है। दिल्ली फायर सर्विस को लगभग 7:45 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुले नाले में गिर गया है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चलने वाले सर्च अभियान के बाद बिरजू कुमार को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय बिरजू अपने एक दोस्त के साथ था। पूछताछ में दोस्त ने बताया कि दोनों दिनभर शराब पीकर नशे की हालत में चल रहे थे। इसी दौरान बिरजू का संतुलन बिगड़ा और वह नाले में गिर गया। दोस्त को घटना का तुरंत एहसास नहीं हुआ। बाद में जब उसे होश आया तो उसने देखा कि बिरजू नाले में गिर चुका है, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस सीवर में बिरजू गिरा वह डी.डी.ए. की जमीन पर बना हुआ था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में लगी है कि नाले या सीवर को खुला छोड़ने में किसकी लापरवाही रही। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शहर में खुले नाले और गड्ढों से होने वाले हादसों पर विशेष नजर रखी जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



