Friday, February 20, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Crime: डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से 3 दिन का नवजात...

Delhi Crime: डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से 3 दिन का नवजात अगवा, महिला प्रेमी संग मेरठ एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार

Delhi Crime: डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से 3 दिन का नवजात अगवा, महिला प्रेमी संग मेरठ एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी के रोहिणी इलाके में स्थित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से तीन दिन के नवजात के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नियोनेटल वार्ड से एक अज्ञात महिला द्वारा मासूम को उठाकर ले जाने की घटना से अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर नवजात को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दिल्ली पुलिस के नॉर्थ रोहिणी थाने को PCR कॉल के जरिए नवजात के अपहरण की सूचना मिली। शिकायतकर्ता साहिन ने बताया कि उन्हें 12 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 14 फरवरी को उन्होंने बेटे को जन्म दिया। लेबर वार्ड में भर्ती रहने के दौरान करीब 30 वर्षीय एक महिला बार-बार उनके पास आती रही और बातचीत के जरिए भरोसा जीत लिया।
परिजनों के मुताबिक, 17 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे वही महिला दूध पिलाने के बहाने नवजात को मां से लेकर चली गई। भरोसे में आई मां ने बच्चा उसे सौंप दिया और फिर सो गईं। सुबह करीब 8 बजे जब उनकी नींद खुली तो महिला और बच्चा दोनों गायब थे। इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध महिला को नवजात को गोद में लेकर बाहर जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल के प्रवेश और निकास द्वार, कॉरिडोर और आसपास के इलाकों के कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। अस्पताल स्टाफ, सुरक्षा गार्ड और वार्ड अटेंडेंट से पूछताछ की गई, साथ ही विजिटर रजिस्टर की भी जांच की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वार्ड तक कैसे पहुंची।
डीसीपी रोहिणी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आसपास के जिलों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर अलर्ट जारी किया गया। तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और मेरठ एक्सप्रेसवे से महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। नवजात को सुरक्षित बरामद कर चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिला की कोई संतान नहीं थी और वह बच्चे को अपने पास रखने की नीयत से अस्पताल पहुंची थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह पहले से अस्पताल की रेकी कर चुकी थी या किसी की मदद से वार्ड तक पहुंची।
इस घटना ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि सुरक्षा में लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments