Delhi Narcotics Bust: पूर्वी दिल्ली में ड्रग्स तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, 45 किलो गांजा और नकदी के साथ दो सप्लायर गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के पूर्वी जिले में एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 45.760 किलोग्राम गांजा, करीब 2.65 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। जब्त किए गए गांजे की कीमत अवैध बाजार में लगभग 23 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है, जिसके तहत नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को मिली पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने शशि गार्डन स्थित जवाहर मोहल्ला में एक मकान पर छापा मारा, जहां दोनों आरोपी नशीले पदार्थ को छोटे-छोटे पैकेट में पैक कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस को चार बड़े प्लास्टिक बैग में भरा गांजा मिला, जिसका वजन 45 किलो 760 ग्राम निकला। इसके साथ ही मौके से 2,65,400 रुपये नकद और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया। इस मामले में पांडव नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम (28 वर्ष) और मोनू उर्फ अभिषेक (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के ही रहने वाले हैं और पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक संगठित ड्रग सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बाहर के राज्यों से बड़ी मात्रा में गांजा लाते थे और उसे रिहायशी इलाकों में छिपाकर रखते थे, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वे इसे छोटे-छोटे पैकेट में तैयार कर स्थानीय नेटवर्क के जरिए सप्लाई करते थे। उनका मुख्य उद्देश्य तेजी से पैसा कमाना था, जिसके लिए उन्होंने यह अवैध कारोबार शुरू किया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन-किन इलाकों में इसे वितरित किया जा रहा था। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह कार्रवाई पूर्वी दिल्ली पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।



