Cyber Fraud Delhi: फर्जी Axis Bank कॉल से ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार
Delhi के शाहदरा जिले में साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को Axis Bank के कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया।
मामला e-FIR संख्या 53/25 (01 दिसंबर 2025) का है, जिसमें शिकायतकर्ता से ₹2.45 लाख की ठगी की गई थी। आरोपियों ने पीड़ित को क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम कराने का झांसा देकर एक फर्जी लिंक पर क्लिक करवाया और कार्ड डिटेल्स हासिल कर लीं। इसके बाद कई अनधिकृत ट्रांजैक्शन किए गए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल विश्लेषण के जरिए आरोपियों का पता लगाया। खुलासा हुआ कि ठगी की रकम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Amazon के जरिए मोबाइल फोन खरीदे गए थे।
आरोपियों ने करीब 28 सिम कार्ड का इस्तेमाल कर ठगी को अंजाम दिया, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहिणी सेक्टर-35 से अविनाश और कृष्णा को गिरफ्तार किया, जबकि रेखा को मामले में नोटिस देकर पाबंद किया गया है।
बरामदगी में एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करते थे, फर्जी वेबसाइट के जरिए जानकारी चुराते थे और फिर ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से पैसे खर्च कर देते थे।
Delhi Police ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और सतर्क रहें।
मामले में आगे की जांच जारी है, जिसमें अन्य आरोपियों और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।



