Delhi E-buses : दिल्ली में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत, रोहतक तक इंटर-स्टेट ई-बस सेवा शुरू
राजधानी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन प्रणाली से लैस बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया। साथ ही दिल्ली से रोहतक के बीच इंटर-स्टेट ई-बस सेवा की भी शुरुआत की गई, जिससे यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल सफर का विकल्प मिलेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को “ग्रीन दिल्ली” मिशन की दिशा में अहम कदम बताते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि क्लीन मोबिलिटी के जरिए न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।
वहीं परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इन नई बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली परिवहन निगम (DTC) का कुल बेड़ा बढ़कर 6300 बसों का हो गया है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली अब दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क वाले शहरों में अपनी मजबूत पहचान बना रही है।
इस अवसर पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मदनपुर खादर बस टर्मिनल और ईस्ट विनोद नगर डिपो के नए प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया गया। इन नई सुविधाओं से यात्रियों के साथ-साथ परिवहन कर्मचारियों को भी बेहतर वातावरण और सेवाएं मिलेंगी।
सरकार का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा, जिससे प्रदूषण पर नियंत्रण के साथ-साथ दिल्ली की ट्रांसपोर्ट प्रणाली को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाया जा सके।



