Mobile Snatching Case: गाजीपुर सब्जी मंडी के पास स्नैचर गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद
राजधानी दिल्ली में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पूर्वी जिला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया (PIA) की टीम ने एक मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह वारदात 26 अप्रैल 2026 को गाजीपुर सब्जी मंडी के पास हुई थी। शिकायतकर्ता सरफराज खान, जो मंडावली इलाके का निवासी है और ई-रिक्शा चालक के रूप में काम करता है, ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने ई-रिक्शा से गाजीपुर सब्जी मंडी की ओर जा रहा था, तभी उसके रिक्शे में बैठे दो युवकों ने अचानक उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस शिकायत के आधार पर थाना PIA में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी इनपुट और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया मोबाइल फोन (ओप्पो A-78) बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मंडावली इलाके का रहने वाला है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे और शराब का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था। वह पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य स्नैचिंग या आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।
पूर्वी जिला पुलिस ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि राजधानी में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।



