Encounter Delhi: अंबेडकर नगर में AATS और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पर्डी गैंग के 3 शूटर घायल गिरफ्तार
राजधानी दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब AATS स्टाफ और कुख्यात पर्डी गैंग के बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में AATS टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान निर्मल पर्डी उर्फ निखिल (34), अंबर उर्फ डेविन (25) और सम्राट उर्फ समर उर्फ काला (30) के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। घायल बदमाशों को तुरंत इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के दौरान पुलिस ने पर्डी गैंग के तीन अन्य आरोपियों—काकेश उर्फ काके (24), कृष देव (18) और शिवजीत उर्फ जीत (17)—को भी हिरासत में लिया है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे।
क्राइम टीम को घटनास्थल से कुल 7 खाली कारतूस के खोल बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार बदमाशों की ओर से करीब 6 राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते AATS टीम की मुस्तैदी से उन्हें पकड़ लिया गया। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क को खंगालने का काम जारी है।
दिल्ली पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि राजधानी में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



