Delhi Crime: गांधी नगर थाना पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया सनसनीखेज हत्या के प्रयास का मामला
शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार और दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को इलाके में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
यह घटना 13 मई 2026 को सामने आई, जब गांधी नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि जीटीबी अस्पताल में एक घायल व्यक्ति को भर्ती कराया गया है, जिस पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। जांच में पता चला कि घायल की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई, जो अपनी पत्नी के साथ ओल्ड सीलमपुर स्थित हलान चौक के पास रेलवे लाइन क्षेत्र में पैदल जा रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान चार अज्ञात युवकों ने उनकी पत्नी के साथ कथित रूप से अभद्रता करने की कोशिश की। जब जितेंद्र कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और जितेंद्र कुमार पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के बयान के आधार पर गांधी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने इलाके और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की गतिविधियों को ट्रैक किया।
सीसीटीवी विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के आने-जाने के रास्तों की पहचान की। लगातार छापेमारी और खुफिया जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने एक वयस्क आरोपी मोहम्मद शेहवाज और दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार कुल चार आरोपी इस वारदात में शामिल थे और एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू कथित रूप से ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट से खरीदा गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हथियार खरीदने में एक अन्य नाबालिग की क्या भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और सभी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।



