Dhol Baaj Gang: दिल्ली में सक्रिय “ढोल बाज गैंग” का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के गांधी नगर थाना पुलिस की क्रैक टीम ने यात्रियों को डराकर ठगी करने वाले कुख्यात “ढोल बाज गैंग” का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ऑटो रिक्शा और ठगी की रकम में से 6 हजार रुपये बरामद किए हैं।
मामला 25 मई 2026 को सामने आया था, जब बिहार के मुजफ्फरनगर निवासी सोनू कुमार ने गांधी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि ऑटो में सफर के दौरान उससे 8 हजार रुपये ठग लिए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह कश्मीरी गेट से आनंद विहार रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो में बैठा था, जिसमें पहले से एक व्यक्ति मौजूद था।
यात्रा के दौरान ऑटो चालक और सहयात्री ने मिलकर उसे डराया कि दिल्ली में आतंकी खतरे के चलते पुलिस की सख्त चेकिंग चल रही है और यदि नकदी मिली तो पुलिस जब्त कर सकती है। इसके बाद उसे रास्ते में दूसरे ऑटो में बैठाया गया, जहां फिर से उसे डराकर अपने पास मौजूद सारे पैसे देने के लिए दबाव बनाया गया। डर और भ्रम में आकर पीड़ित ने 8 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। बाद में आरोपी उसे कैलाश नगर के पास छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधी नगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी इम्तियाज, शास्त्री पार्क निवासी रोहित और तीसरा पुश्ता जगजीतपुर निवासी सनी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इम्तियाज पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रह चुका है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका गैंग रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बाहर से आने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपी खुद को “ढोल बाज गैंग” के नाम से पहचानते थे और लोगों को आतंकी खतरे और पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर नकदी और सामान ठगते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल दो ऑटो रिक्शा बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य मामलों और बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।



