Malviya Nagar Fire: मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर, बेसमेंट से 3 लोग रेस्क्यू
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट धुएं और लपटों से घिर गया। हादसे के दौरान कई लोगों के बेसमेंट में फंसे होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक आग लगने की सूचना दिल्ली दमकल विभाग को सुबह करीब 8:50 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार रेस्टोरेंट के बेसमेंट से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। सभी को तुरंत कैट एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद इलाके में भारी धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने तुरंत इलाके को खाली करवाना शुरू कर दिया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि रेस्टोरेंट के अंदर अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बेसमेंट और अन्य हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राहत टीम गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से अंदर पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।



