Delhi Crime: लूट का विरोध करने पर छह बहनों के इकलौते भाई मुशर्रफ की हत्या, चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली में लूटपाट का विरोध करने पर एक युवक की चाकू गोदकर हत्या करने के मामले में शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने के दौरान युवक पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। वहीं, फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
उत्तर पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल के अनुसार, 14 और 15 जून की दरम्यानी रात शास्त्री पार्क और कश्मीरी गेट के बीच जीटी रोड स्थित युधिष्ठिर सेतु पर एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सड़क पर खून के निशान मिले, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीमों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर से सूचना मिली कि चाकू लगने से घायल एक अज्ञात युवक को अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान के प्रयास शुरू किए।
जांच के दौरान मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी 26 वर्षीय मुशर्रफ के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मुशर्रफ दिल्ली और जयपुर के बीच चलने वाली एक टूरिस्ट बस में हेल्पर का काम करता था और कुछ दिन पहले ही रोजगार की तलाश में दिल्ली आया था। मुशर्रफ छह बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शास्त्री पार्क थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनजीत तोमर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी निगरानी के माध्यम से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया और वारदात से जुड़े लोगों की गतिविधियों का विश्लेषण किया।
लगातार जांच और संदिग्धों की तलाश के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल 19 वर्षीय अनवर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर मुशर्रफ को लूटने की कोशिश की थी। जब मुशर्रफ ने लूट का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मुशर्रफ का लूटा गया मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस अब फरार सह-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सड़क अपराध और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है।



