Homeक्राइमCambodia Cyber Syndicate: दिल्ली पुलिस IFSO ने म्यूल अकाउंट गिरोह के 5...

Cambodia Cyber Syndicate: दिल्ली पुलिस IFSO ने म्यूल अकाउंट गिरोह के 5 आरोपी पकड़े, 2 करोड़ रुपये फ्रीज

Cambodia Cyber Syndicate: दिल्ली पुलिस IFSO ने म्यूल अकाउंट गिरोह के 5 आरोपी पकड़े, 2 करोड़ रुपये फ्रीज

नई दिल्ली, 27 नवंबर। साइबर अपराधियों के लिए बैंक खातों का इंतजाम करने वाले एक संगठित नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसा है। स्पेशल सेल की IFSO यानी इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट ने इस गिरोह से जुड़े पांच लोगों को देश के विभिन्न इलाकों से पकड़ा है।

पूरा मामला एक केस की जांच से शुरू हुआ। डीसीपी IFSO गौरव त्यागी के अनुसार, इसी जांच के दौरान पुलिस को खबर मिली कि ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने वाले गिरोह के कुछ सदस्य दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहरे हैं।

पुलिस को यह भी पता चला कि ठगी से आई रकम को इधर से उधर करने के लिए आरोपी एचडीएफसी बैंक के एक खाते का सहारा ले रहे थे, जो ‘मेसर्स एमआर ट्रेडर्स’ के नाम पर खुला था। इस इनपुट पर पुलिस की टीम ने होटल में दबिश दी, संदिग्धों को पकड़ लिया और मामला दर्ज कर लिया।

जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि ये आरोपी कंबोडिया से ऑपरेट हो रहे एक इंटरनेशनल साइबर सिंडिकेट के लिए काम कर रहे थे। गिरोह साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक अकाउंट, यानी फर्जी या किराए के खाते, उपलब्ध कराता था।

इसी दौरान एक म्यूल खाते में लगभग 2 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन पकड़ में आए। पुलिस और एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों ने फौरन कार्रवाई की और इस रकम को पूरी तरह फ्रीज कर दिया गया।

आरोपियों के कब्जे से बरामद छह मोबाइल फोन जब खंगाले गए, तो उनमें ‘SMS TOOLS’ नाम का एक मालिशियस ऐप (APK) मिला, जिसे पुलिस ने बेहद खतरनाक बताया है। इस ऐप को ऐसे सेट किया गया था कि फोन में आने वाले सारे एसएमएस और बैंक ओटीपी (OTP) बिना किसी दखल के विदेश में मौजूद अपराधियों को फॉरवर्ड हो जाएं।

पुलिस के अनुसार, इसी तरीके से विदेश में बैठे ठग भारतीय बैंक खातों को रिमोट तरीके से संचालित कर पाते थे। जांच टीम ने 7 टेलीग्राम चैनलों की भी पहचान की है, जिन पर बैंक खातों का सौदा होता था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय अनीश खान, 27 वर्षीय इंतेखाब, 45 वर्षीय अल्ताफ हुसैन, 41 वर्षीय मो. महफूजर रहमान और 34 वर्षीय इजहार आलम के तौर पर हुई है। उनके पास से 6 मोबाइल फोन, क्रिप्टोकरेंसी ट्रांजैक्शन से जुड़े सबूत, चैट्स और एमआर ट्रेडर्स के नाम की चेकबुक बरामद की गई है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के दो बड़े मामले भी हल हो गए हैं। फिलहाल गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश और पूरी मनी ट्रेल की पड़ताल जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments