Delhi Crime: रक्षाबंधन पर लक्ष्मी नगर में चोरी का तांडव — तीन घरों से लाखों की नकदी व आभूषण साफ
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में रक्षाबंधन के दिन हुई सनसनीखेज चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, रेनकोट पहनकर आए तीन नकाबपोश चोरों ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाया और 15 लाख रुपये से अधिक की नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए।
पहला मामला पीड़ित विनीत जैन के घर का है, जहां शनिवार को रक्षाबंधन के अवसर पर पूरा परिवार बाहर गया हुआ था। इसी बीच, चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसपैठ की और अलमारी से लगभग दो लाख रुपये नकद उड़ा लिए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीनों चोर बाइक से आए थे। उन्होंने रेनकोट पहनकर अपनी पहचान छिपाई और वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। यह गिरोह इलाके के दो अन्य घरों में भी घुसा और वहां से लाखों के जेवरात व नकदी चुरा ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। हालांकि, एक ही दिन में तीन घरों में हुई बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है।



