CM Rekha Receives Death Threat: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मिली जान से मारने की धमकी, गाजियाबाद पुलिस अलर्ट पर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गुरुवार देर रात जान से मारने की धमकी दी गई। यह धमकी गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम को रात करीब 11 बजे एक फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसमें अज्ञात शख्स ने सीएम रेखा गुप्ता को निशाना बनाने की बात कही। कॉल मिलते ही गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस तत्काल सक्रिय हो गईं।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक यह कॉल कोतवाली थाना क्षेत्र से की गई थी। प्रारंभिक जांच में कॉल करने वाले की पहचान कर ली गई है, लेकिन उसका मोबाइल नंबर अब बंद हो चुका है। फोन करने वाले की सटीक लोकेशन और पहचान के लिए जांच तेजी से जारी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार उन्हें भी गाजियाबाद पुलिस से आधिकारिक सूचना मिली है और पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस सतर्क हो चुकी है। दिल्ली सीएम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर आरोपी को खोजने में जुटी हैं।
सरकारी आवास मिला रेखा गुप्ता को
उधर, मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली में विधानसभा क्षेत्र के पास एक सरकारी आवास आवंटित किया गया है। यह आवास दिल्ली सचिवालय और विधानसभा के नजदीक सिटी सेंटर के पास स्थित है, जिससे आधिकारिक कार्यों में सुविधा रहेगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस संपत्ति की मरम्मत और अपग्रेडेशन का कार्य भी शुरू कर दिया है, जिसकी अनुमानित लागत ₹47 लाख बताई गई है। यह कार्य 60 दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।