Delhi Crime: डिलीवरी बॉय की हत्या के बाद आचार्य निकेतन में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस-निगम सख्त
पूर्वी दिल्ली के थाना पांडव नगर अंतर्गत मयूर विहार फेज-1 स्थित आचार्य निकेतन इलाके में सरेआम हुए डिलीवरी बॉय हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच दिल्ली पुलिस और दिल्ली नगर निगम हरकत में आ गए हैं। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में अव्यवस्था और अतिक्रमण को एक बड़ी वजह मानते हुए गुरुवार देर शाम व्यापक स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में सड़क किनारे अवैध रूप से लगी रेडी-पटरी को न केवल हटाया गया, बल्कि उन्हें जब्त भी किया गया।
कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि हटाई गई रेहड़ियों में हत्या के आरोपी के पिता की रेहड़ी भी शामिल थी। अभियान के वक्त पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना पुलिस के साथ दिल्ली नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। निगम की टीम ने आचार्य निकेतन के मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से लगाई गई दर्जनों रेहड़ी-पटरी को हटाकर सड़क को पूरी तरह खाली कराया। इस कार्रवाई के चलते देर शाम तक इलाके में पुलिस बल की मौजूदगी बनी रही, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति न बने।
दिल्ली नगर निगम के शाहदरा साउथ जोन के अधिकारियों ने बताया कि निगम लगातार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला रहा है और उसी कड़ी में आचार्य निकेतन और उसके आसपास की सड़कों पर यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों के अनुसार सड़क पर अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ियों के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। संकरी सड़कों पर अतिक्रमण के चलते न केवल यातायात बाधित होता था, बल्कि आए दिन जाम और झगड़ों की शिकायतें भी मिलती थीं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा बना रहता था।
पुलिस का मानना है कि आचार्य निकेतन जैसे व्यस्त बाजार इलाके में अवैध अतिक्रमण अपराधियों को भीड़ में छिपने और वारदात को अंजाम देने का मौका देता है। हाल ही में हुई डिलीवरी बॉय की हत्या के बाद इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि इलाके को अव्यवस्था और अतिक्रमण से मुक्त कराना बेहद जरूरी है। दिल्ली पुलिस और नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और किसी भी तरह के अवैध कब्जे या सड़क पर बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।



