Delhi Crime: ज्योति नगर में दिल्ली पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को दबोचा, लूटा गया मोबाइल और पर्स बरामद
दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन और नकदी सहित पर्स बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की देर शाम हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल अनिल लोनी रोड गोल चक्कर के पास गश्त कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति “चोर-चोर” चिल्लाते हुए तीन युवकों का पीछा करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया।
मौके पर पहुंचे शिकायतकर्ता विजेंद्र ने बताया कि वह लोनी की ओर जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, नकदी और दस्तावेजों से भरा पर्स छीन लिया। तलाशी लेने पर पीड़ित का मोबाइल और पर्स आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिया गया। इस मामले में थाना ज्योति नगर में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत उर्फ हड्डी (34), रवि (35) और सचिन पंचाल उर्फ शक्ति (36) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने बताया कि सुरजीत पर 14, रवि पर 16 और सचिन पर 8 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।
पुलिस अब अन्य मामलों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है और इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में लगी हुई है।



