Thursday, February 5, 2026
spot_img
Homeक्राइमDelhi Crime: पूर्वी दिल्ली में कुख्यात अपराधी तोशीन गिरफ्तार, 50 से अधिक...

Delhi Crime: पूर्वी दिल्ली में कुख्यात अपराधी तोशीन गिरफ्तार, 50 से अधिक मामलों में था शामिल

Delhi Crime: पूर्वी दिल्ली में कुख्यात अपराधी तोशीन गिरफ्तार, 50 से अधिक मामलों में था शामिल

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी तोशीन को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर पहले से ही 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। सोमवार सुबह थाना कल्याणपुरी इलाके के ईस्ट विनोद नगर में हुए फायरिंग मामले के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर धर दबोचा।

घटना सोमवार सुबह की है जब दर्जी का काम करने वाले स्वर्ण सिंह अपने घर पर बेटी के साथ नाश्ता कर रहे थे। तभी अचानक उनके दरवाजे पर दस्तक हुई। जैसे ही स्वर्ण सिंह दरवाजा खोलने पहुंचे, बाहर खड़ा एक शख्स हाथ में तमंचा लिए मिला। हथियार देखते ही स्वर्ण सिंह ने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन तभी आरोपी तोशीन ने गोली चला दी। गोली दरवाजे से टकराकर अंदर की दीवार में जा लगी। गनीमत रही कि घर के भीतर मौजूद पिता-पुत्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। गोली चलाने के बाद तोशीन अपने तीन साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि तोशीन का निशाना वास्तव में कोई और था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लक्की नामक व्यक्ति को निशाना बनाने आया था, जो उसी बिल्डिंग की टॉप फ्लोर पर रहता है, लेकिन गलती से उसने दूसरी मंजिल पर गोली चला दी।

डीसीपी पूर्वी दिल्ली अभिषेक धनिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तोशीन उत्तर प्रदेश की खोड़ा कॉलोनी का रहने वाला है और पहले से ही हत्या, लूट, धमकाने और अवैध हथियारों के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी आपराधिक साजिश थी। डीसीपी अभिषेक धनिया ने कहा कि यह गिरफ्तारी पूर्वी दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता है और इससे इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments