Delhi Encounter: आरके पुरम में तड़के पुलिस मुठभेड़, गोली लगने के बाद कुख्यात दरिंदा समेत दो बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में पुलिस ने दो वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी पर भी गोली चली, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय शर्मा उर्फ दरिंदा और उसके साथी जग्गल उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश हथियारों के साथ आरके पुरम सेक्टर-3 इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस इनपुट के बाद पुलिस टीम ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संभावित स्थानों पर जाल बिछाया गया।
रात करीब 3 बजकर 15 मिनट पर वेंकटेश्वर मार्ग स्थित डीटीसी बस स्टैंड के पास पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को घूमते हुए देखा। जब पुलिस ने उन्हें रुकने और आत्मसमर्पण करने को कहा, तो बदमाशों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली सीधे एक पुलिस अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें संजय उर्फ दरिंदा के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल बदमाश को काबू में लेने के बाद उसके साथी सोनू को भी संक्षिप्त हाथापाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दरिंदा के पास से 7.65 एमएम की एक पिस्तौल बरामद हुई, जिसमें दो जिंदा कारतूस और चार खोखे मिले। वहीं सोनू के पास से दो चले हुए कारतूस के साथ एक सिंगल-शॉट पिस्तौल जब्त की गई। इसके अलावा चोरी और डकैती में इस्तेमाल होने वाले औजारों से भरा एक बैकपैक भी पुलिस के हाथ लगा।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संजय शर्मा उर्फ दरिंदा एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में डकैती, चोरी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत 100 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह सितंबर 2025 में जेल से रिहा हुआ था और बाहर आते ही दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया। पुलिस के अनुसार, वह सरोजिनी नगर और आरके पुरम इलाके में सरकारी फ्लैटों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किस बड़ी वारदात की तैयारी में थे।



