Delhi Police Raid: पूर्वी दिल्ली में स्पेशल स्टाफ ने अवैध शराब तस्कर को दबोचा, 250 लीटर हरियाणा मार्का शराब बरामद
पूर्वी दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक शेवरले कार में छुपाकर लाई जा रही लगभग 250 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जो हरियाणा में बिक्री के लिए तैयार की जा रही थी।
पूर्वी जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल टीम का गठन किया गया था। टीम में एसआई विकास, एचसी सनोस, एचसी मनेंदर, एचसी विनीत, एचसी विशाल, एचसी शालिंदर, एचसी हिमांशु, एचसी शनि और कॉन्स्टेबल शिवम शामिल थे। इस कार्रवाई में एसीपी ऑपरेशंस की निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण यह है कि 21 सितंबर 2025 को सुबह लगभग 6:30 बजे टीम को एक गोपनीय सूचना मिली कि एक व्यक्ति शेवरले कार में अवैध शराब की सप्लाई के लिए ईस्ट दिल्ली आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने नोएडा लिंक रोड के पास अक्षरधाम इलाके में जाल बिछाया। करीब 7:00 बजे एक संदिग्ध शेवरले कार (नंबर CG 04DX ****) आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान भारत पुत्र किशन सिंह, निवासी गांव पिछुन, थाना उचैन, जिला भरतपुर, राजस्थान, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें 20 कार्टन यानी करीब 250 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिस पर “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” अंकित था।
इस संबंध में थाना मयूर विहार में FIR संख्या 420/25, दिनांक 21.09.2025, धारा 33/58 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई अवैध शराब की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ निरंतर अभियान का हिस्सा है।



