Sunday, February 22, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Police: शाहदरा पुलिस ने ऑटो लिफ्टर दबोचा, पांच चोरी के वाहन...

Delhi Police: शाहदरा पुलिस ने ऑटो लिफ्टर दबोचा, पांच चोरी के वाहन बरामद

Delhi Police: शाहदरा पुलिस ने ऑटो लिफ्टर दबोचा, पांच चोरी के वाहन बरामद

दिल्ली के शाहदरा जिले में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कुल पांच मोटर व्हीकल चोरी के मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम, आईपीएस के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। एसीपी ऑपरेशन मोहितर सिंह के पर्यवेक्षण में एसआई विक्रांत चौधरी के नेतृत्व में टीम बनाई गई, जिसमें एएसआई प्रेम पाल सिंह और अन्य स्टाफ शामिल थे। टीम ने सादे कपड़ों में निगरानी करते हुए स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।

19 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक चोरी की काली रंग की सुजुकी एक्सेस स्कूटी पर कड़कड़डूमा कोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी नितिन (25 वर्ष), निवासी वेस्ट जवाहर पार्क, ललिता पार्क, लक्ष्मी नगर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से बरामद स्कूटी थाना ज्योति नगर में दर्ज ई-एफआईआर के तहत चोरी की पाई गई।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर सीबीडी ग्राउंड और दिलशाद गार्डन अंडरपास के पास से चार अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों में एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और तीन होंडा एक्टिवा स्कूटी शामिल हैं, जो अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से संबंधित हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी चोरी, स्नैचिंग, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के नौ मामलों में शामिल रहा है तथा थाना लक्ष्मी नगर का बीसी (बैड कैरेक्टर) है। नशे की लत और आर्थिक तंगी के चलते वह वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपी को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments