East Delhi Anti-Encroachment Drive: पांडव नगर में अवैध रेहड़ी पटरी हटाई, सड़कें हुईं साफ
पूर्वी दिल्ली के थाना पांडव नगर क्षेत्र में मयूर विहार, अलकन पब्लिक स्कूल के पास दिल्ली पुलिस और दिल्ली नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। सोमवार देर शाम इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध रूप से रखी गई रेहड़ी पटरी को हटाकर जप्त किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल कानून और व्यवस्था बनाए रखना था बल्कि स्थानीय नागरिकों की आवाजाही को भी सुगम बनाना था।
इस अभियान में पांडव नगर थाना पुलिस की टीम और दिल्ली नगर निगम के अधिकारी दोनों मौजूद रहे। निगम की टीम ने आचार्य निकेतन के मुख्य मार्ग पर लगे दर्जनों अवैध रेहड़ी पटरी हटाई, जो लंबे समय से सड़क पर अतिक्रमण कर रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि इन अवैध रेहड़ी पटरी और ठेले से न केवल सड़कें जाम होती थीं, बल्कि अक्सर झगड़े और दुर्घटनाओं की भी शिकायतें आती थीं।
शाहदरा साउथ जोन के तहत यह अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अतिक्रमण शहर के सुचारु यातायात और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अब उन्हें सुगम आवाजाही और सुरक्षित सड़कें मिलेंगी।
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में भी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शहर की सड़कों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान स्थानीय प्रशासन और पुलिस की सक्रियता का प्रतीक है, जिससे नागरिकों में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास बढ़ता है।



