Wednesday, February 25, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरEast District Drug Bust: स्पेशल स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, 1.020 किलो अफीम...

East District Drug Bust: स्पेशल स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, 1.020 किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

East District Drug Bust: स्पेशल स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, 1.020 किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.020 किलोग्राम अफीम के साथ एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम द्वारा की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पूर्वी जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों और दिल्ली में प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि बाहरी राज्यों से आने वाली नशीली पदार्थों की खेप को रोका जा सके। इसी क्रम में 22 फरवरी 2026 को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अफीम की खेप लेकर पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में आने वाला है।

सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने इलाके में सघन चेकिंग और निगरानी शुरू की। टीम में एसआई गौरव, एसआई अमन, हेड कांस्टेबल शनि राठी, हेड कांस्टेबल विचित्रे, हेड कांस्टेबल हेमंत, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र और कांस्टेबल हिमांशु शामिल थे। गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रक्सैक बैग लेकर घूमते देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान ज्ञानि राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम मनसा रामपुर, थाना अलीगंज, बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके बैग से एक नारंगी रंग की प्लास्टिक थैली बरामद हुई, जिसमें दो पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट थे। जांच के दौरान पैकेट में काले रंग का चिपचिपा पदार्थ मिला, जिसकी फील्ड टेस्टिंग में पुष्टि हुई कि वह अफीम है। बरामद अफीम का कुल वजन 1.020 किलोग्राम पाया गया।

इस संबंध में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत एफआईआर संख्या 64/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह अफीम बरेली, उत्तर प्रदेश से प्राप्त की थी और दिल्ली में स्थानीय सप्लायरों को बेचने के लिए लाया था ताकि आसानी से पैसा कमा सके।

पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। सप्लाई चेन के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पूर्वी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और राजधानी में किसी भी तरह के मादक पदार्थों के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments