Drug Bust: ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने 60 लाख की स्मैक के साथ अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा
दिल्ली पुलिस के ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दिल्ली में सक्रिय एक ड्रग पेडलर और उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से जुड़े उसके दो मुख्य सप्लायर शामिल हैं। पुलिस ने कुल 326.85 ग्राम व्यावसायिक मात्रा की स्मैक (हेरोइन) बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इस ऑपरेशन को दिल्ली-एनसीआर में ड्रग सप्लाई नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
12 फरवरी 2026 की आधी रात को एंटी-नारकोटिक्स टीम को गुप्त सूचना मिली कि अमीन खान नाम का व्यक्ति एनएच-24 से नोएडा लिंक रोड होते हुए समयपुर गांव, पांडव नगर क्षेत्र में स्मैक की खेप पहुंचाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और अमीन खान (24 वर्ष), निवासी गंगोला गांव, दातागंज, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 291 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर पांडव नगर थाने में एफआईआर संख्या 41/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने अमीन खान को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह स्मैक बदायूं निवासी राशिद (38 वर्ष) से खरीदता था और उसे दिल्ली-एनसीआर में छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचता था। इसके बाद 15 फरवरी 2026 की रात पुलिस टीम ने बदायूं में छापेमारी कर राशिद को गिरफ्तार कर लिया।
राशिद से पूछताछ में सामने आया कि उसे स्मैक गांव नोनी, बदायूं निवासी बलबीर (34 वर्ष) से मिलती थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर बलबीर को भी हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 35.85 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
इस तरह तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच फैले ड्रग सप्लाई नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को तोड़ दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



