Ramzan 2026: पूर्वी जिले में शब्बे बरात, रमजान और शिवरात्रि को लेकर आपसी भाईचारे और अमन-शांति बनाए रखने के लिए अहम बैठक
पूर्वी जिले में शब्बे बरात, रमजान और शिवरात्रि के पर्वों को लेकर आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विनीत कुमार ने की। बैठक में जिले के सभी एसीपी, थाना प्रभारी (SHO), संबंधित विभागों के अधिकारी, हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकता कमेटी के अध्यक्ष डॉ. परवेज मियां एवं सदस्य, अमन कमेटी, RWA, MWA और सभी धर्मों के धर्मगुरु शामिल हुए।
बैठक में क्षेत्र में फैली बुराइयों को दूर करने और आने वाले पर्वों पर आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। रियाजुद्दीन सैफी ने शब्बे बरात को इबादत की रात बताते हुए कहा कि छोटे बच्चे और बुजुर्ग अपने पास की मस्जिदों में नमाज अदा करें और कब्रिस्तान के आस-पास भीड़ न लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि रात के समय टू-व्हीलर पर दो से ज्यादा सवार न हों, हेलमेट पहनें और वाहन के कागजात पूरी तरह से लेकर चलें। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. परवेज मियां ने कब्रिस्तानों के आसपास साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विनीत कुमार ने कहा कि शब्बे बरात, रमजान और शिवरात्रि जैसे बड़े पर्वों पर सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कब्रिस्तान और मस्जिद समितियां अपने स्वयंसेवकों की व्यवस्था भी करें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छोटी उम्र के बच्चों को अपराध की ओर बढ़ने से रोकने के लिए उन्हें काउंसलिंग और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से मार्गदर्शन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना और समाज में शांति बनाए रखना है।
इस मौके पर रमेश प्रधान, पिंकी त्यागी, रजत सेठ, राहुल लुंबा, संगठन सचिव एडवोकेट हरीश गोला, मुमताज सैफी, बिलाल अंसारी, धमेन्द्र धामा और रईश खान उपस्थित रहे और उन्होंने इस बैठक को महत्वपूर्ण जानकारी और दिशा देने वाली बताया।



