Good Friday Delhi: पांडव नगर से त्रिलोकपुरी तक निकला श्रद्धा जुलूस, भाईचारे और मानवता का दिया संदेश
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर, मयूर विहार और त्रिलोकपुरी इलाके में प्रभु ईशा मसीह की याद में गुड फ्राइडे के अवसर पर गमगीन माहौल में श्रद्धा जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग शामिल हुए, साथ ही अन्य धर्मों के लोगों की भी सहभागिता देखने को मिली, जिसने आपसी एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की।
यह जुलूस Servite Convent सेंटर, शशि गार्डन से शुरू होकर मयूर विहार फेज-1 और 2 के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ ब्लॉक-13 त्रिलोकपुरी स्थित प्रभु प्रकाश गिरजाघर पर जाकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालु प्रभु ईसा मसीह की शिक्षाओं को याद करते हुए प्रार्थना और भजन में लीन नजर आए।
इस दौरान पादरी, फादर, सिस्टर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जुलूस में शामिल लोगों ने प्रभु ईसा मसीह के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वातावरण पूरी तरह श्रद्धा और शांति से भरा हुआ दिखाई दिया।
हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई एकता कमेटी के कोषाध्यक्ष रियाजुद्दीन सैफी ने बताया कि प्रभु ईसा मसीह ने हमेशा मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह ने गरीब, असहाय और बीमार लोगों की सेवा करने की सीख दी, जिसे समाज को अपनाने की जरूरत है।
गुड फ्राइडे के दिन ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाए जाने की घटना को याद किया जाता है, और उसी की स्मृति में यह जुलूस निकाला गया। इस आयोजन में सभी धर्मों के लोगों की भागीदारी ने सामाजिक सौहार्द और एकता का मजबूत संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्र में आपसी भाईचारे की भावना को और मजबूत कर गया।



