Investment Fraud Racket: दिल्ली साइबर सेल ने इंटरस्टेट इन्वेस्टमेंट फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश किया
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल, क्राइम ब्रांच ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विशाल इंटरस्टेट इन्वेस्टमेंट फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने 04 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनका नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था और अब तक 67 FIRs और शिकायतें इस गैंग से जुड़ चुकी हैं। यह रैकेट लोगों को फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के नाम पर ऑनलाइन ठगने का काम करता था। हाल ही में एक पीड़ित से ₹49.35 लाख की धोखाधड़ी की गई थी, जिसका पैसा अलग-अलग म्यूल अकाउंट्स और फेक बैंक अकाउंट्स के माध्यम से देशभर में घूमाकर ट्रांसफर किया गया। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क अब तक ₹10 करोड़ से अधिक की ठगी कर चुका है।
साइबर सेल की टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रेल खंगालने और बैंकिंग लेनदेन का विश्लेषण करते हुए इस गिरोह तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क से जुड़े हुए थे, जो फर्जी वेबसाइटें बनाकर और हाई-रिटर्न का लालच देकर लोगों को जाल में फंसाते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ठगी के बाद तुरंत ही पैसे को कई खातों में घुमाकर ट्रेसिंग को मुश्किल बना देता था।
म्यूल अकाउंट्स के लिए वे गरीब, बेरोजगार या जरूरतमंद लोगों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक अकाउंट का इस्तेमाल करते थे। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को इंस्पेक्टर संदीप सिंह, एसीपी अनिल शर्मा और डीसीपी आदित्य गौतम के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों और फर्जी प्लेटफॉर्म चलाने वालों की तलाश में जुटी हुई है।



