Jamia Nagar: जामिया नगर में वृद्ध महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद, पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
दिल्ली के जामिया नगर स्थित एक अपार्टमेंट में वृद्ध महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। पुलिस ने जानकारी दी कि महिला के पति, जो जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त संगीत शिक्षक हैं, गंभीर हालत में पाए गए और उन्हें तुरंत एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फ्लैट में करीब 50 वर्ष के बेटे इमरान उर्फ शैली भी मौजूद थे। इमरान मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात 11.10 बजे पीसीआर को फोन के जरिए सूचना मिली कि जामिया नगर स्थित गफ्फार मंजिल में एक शव पड़ा है और परिवार के सदस्य दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर फ्लैट में प्रवेश किया। अंदर उन्हें बिस्तर पर आफताब जहां (65) का क्षत-विक्षत शव मिला। उनके पति सिराज खान (70) बगल में पड़े थे और उनकी हालत नाजुक थी।
उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान बेटे इमरान ठीक से बोल नहीं पाया और बार-बार यही कहता रहा कि उसके माता-पिता सो रहे हैं। इमरान ने खुद को तीन-चार दिनों तक फ्लैट में बंद रखा और मदद के लिए पुकार भी नहीं सका।
प्रारंभिक जांच में महिला की मृत्यु बीमारी के कारण स्वाभाविक प्रतीत हो रही है। शव बुरी तरह सड़ चुका था और किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने यह भी बताया कि दंपती की बेटी हांगकांग में रहती है और कुछ दिनों से परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। जब उनसे संपर्क नहीं हुआ, तो उसने मामा डब्ल्यू अहमद खान से परिवार का हाल जानने के लिए कहा, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली।



