NDMC Teej Celebration: NDMC ने हरियाली तीज को पारंपरिक उत्साह से मनाया, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद बांसुरी स्वराज रहीं शामिल
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने चाणक्यपुरी स्थित पीएसओआई क्लब में पहली बार अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक समरसता के साथ हरियाली तीज उत्सव मनाया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने, जिन्होंने इस अवसर पर महिला शक्ति, परंपरा और प्रकृति के सामंजस्यपूर्ण उत्सव का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा –
“तीज सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि यह सावन की स्फूर्ति, बहनों-बेटियों की एकजुटता और प्रकृति के आनंद का उत्सव है।”
उन्होंने NDMC को स्वच्छता और हरियाली में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई दी और इसे संपूर्ण दिल्ली के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को न केवल स्वच्छ, बल्कि आनंदमय और जीवन से भरपूर शहर बनाना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
सांसद बांसुरी स्वराज ने तीज को “आध्यात्मिकता, आत्मबल और परंपरा का उत्सव” बताया। उन्होंने कहा –
“आज बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, और ऐसे पर्व उन्हें आत्मविश्वास और गर्व से भरते हैं।”
भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अलका गुर्जर, NDMC अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य दिनेश प्रताप सिंह और सरिता तोमर, तथा विधायक सतीश उपाध्याय ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर उत्सव को गरिमा प्रदान की।
हरियाली तीज का यह आयोजन लोक नृत्य, समूह प्रदर्शन, मेहंदी-चूड़ी स्टॉल, पारंपरिक फूड कियोस्क और रंगारंग प्रतियोगिताओं से एक जीवंत सांस्कृतिक संगम में बदल गया। NDMC की महिला कर्मचारियों सहित अन्य अधिकारी और कर्मियों ने पारंपरिक परिधानों और उल्लास के साथ भाग लिया।
NDMC का यह उत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समावेशी और सामुदायिक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की संस्था की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।