Operation Kavach: दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, मुखिया गैंग का सरगना गिरफ्तार
दिल्ली में ऑपरेशन कवच के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए Delhi Police Crime Branch ने कुख्यात मुखिया गैंग के सरगना राहुल मुखिया उर्फ राजू मुखिया उर्फ दहूर (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के मधुबनी का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, राहुल मुखिया दो मामलों में घोषित अपराधी (PO) है और कई गंभीर मामलों में वांछित था। वह मुखिया गैंग का किंगपिन है, जो राजधानी में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम देता था।
जांच में सामने आया है कि गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। पहले गिरोह के सदस्य घरों में नौकर या मेड बनकर घुसते थे, फिर घर की पूरी रेकी कर बाकी गैंग को जानकारी देते थे। इसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाता था।
खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने Nangli Vihar Extension इलाके में छापेमारी कर आरोपी को उस वक्त दबोच लिया, जब वह किसी नए टारगेट की तलाश में था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ-साथ पुराने मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस गिरफ्तारी को दिल्ली में संगठित चोरी के नेटवर्क पर बड़ा झटका माना जा रहा है।



