Pandav Nagar murder: पांडव नगर में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की चाकू गोदकर हत्या, नाबालिग आरोपी शामिल, एक हिरासत में
पूर्वी दिल्ली के थाना पांडव नगर इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मयूर विहार स्थित आचार्य निकेतन इलाके में बीती रात एक 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरुण राज के रूप में हुई है, जो पेशे से डिलीवरी एग्जीक्यूटिव था और पटपड़गंज इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, 02 फरवरी की रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर पांडव नगर थाना क्षेत्र में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में अरुण राज को तत्काल एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। पहले उनकी अरुण राज से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने तेज धारदार हथियार से अरुण राज की गर्दन और सीने पर कई वार किए, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने जांच के दौरान बताया है कि इस हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपी नाबालिग हैं। अब तक एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अन्य नाबालिग आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, पुराना विवाद या किसी अन्य कारण की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।



